परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकजुटता की कवायद तेज, स्टालिन और शरद पवार से मिलेंगे राहुल-खड़गे
डीएमके और एनसीपी-एसपी के रुख को लेकर कांग्रेस सक्रिय, सोनिया गांधी और ममता बनर्जी भी बैठकों में हो सकती हैं शामिल

नई दिल्ली। संसद में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में एकजुटता बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों से बातचीत तेज कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता रविवार को डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन और एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस की कोशिश इन नेताओं को केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन नहीं करने के लिए मनाने की है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी रविवार को चेन्नई पहुंचेंगी। यहां दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच एमके स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित है।
इसके बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेता रात करीब 8 बजे मुंबई पहुंचेंगे। यहां रात 9 बजे के आसपास एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात हो सकती है। यह बैठक सोमवार को संसद के विशेष सत्र के लिए सांसदों की बैठक से एक दिन पहले हो रही है।
डीएमके ने समर्थन का किया है ऐलान
केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद सामने आए हैं। डीएमके ने विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार ने एमके स्टालिन की मांगों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए वह प्रस्ताव के पक्ष में रहेगी।
एनसीपी-एसपी के रुख पर भी नजर
एनसीपी-एसपी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने पार्टी की ओर से विधेयक के समर्थन का ऐलान किया था। हालांकि, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बाद में स्पष्ट किया कि इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में कांग्रेस की शरद पवार से मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधेयक में महिला आरक्षण और सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने, सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने और 2051 तक परिसीमन प्रक्रिया को फ्रीज करने का प्रस्ताव है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इसे संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है।
कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच हो रही इन बैठकों का उद्देश्य विधेयक पर साझा रणनीति तैयार करना और संसद में सहयोगियों के अलग-अलग रुख से पैदा हुई असहजता को दूर करना है।













