देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, 4 बच्चों समेत 13 की मौत; रजरप्पा मंदिर जा रहा नालंदा का परिवार उजड़ा

स्कॉर्पियो में सवार थे 14 लोग, पीछे से बड़े वाहन की टक्कर के बाद गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त; एक गंभीर घायल

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। सभी स्कॉर्पियो में सवार होकर रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा रात करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामगढ़ के पास पैंकी गांव के समीप हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो की आगे चल रहे वाहन से टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे किसी बड़े वाहन ने भी स्कॉर्पियो को टक्कर मारी थी। जोरदार भिड़ंत के बाद गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा पहुंची। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य

हादसे के बाद स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

स्कूल संचालक विवेकानंद समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत

हादसे में मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद, उनकी पत्नी, मां और तीन बच्चों की भी मौत हो गई। मृतकों में विवेकानंद के दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पत्नी की नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार

बताया गया कि विवेकानंद की पत्नी अमृता की शिक्षक पद पर नौकरी लगी थी। इसी खुशी में परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। विवेकानंद की मामी फूला देवी के अनुसार, परिवार के सभी लोग पूजा के लिए निकले थे, लेकिन हादसे में पूरा परिवार उजड़ गया।

वहीं, मृतक राजू की मां ने बताया कि विवेकानंद के कहने पर उनका बेटा भी साथ गया था। उन्होंने उसे जाने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना। सुबह करीब 4 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल वाहनों और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button