बरेला टोल प्लाजा में घुसा सरियों से भरा बेकाबू ट्राला, चालक-परिचालक गंभीर घायल
टक्कर से टोल केबिन और बूम बैरियर क्षतिग्रस्त, दोनों केबिन में फंसे रहे; रेस्क्यू के बाद अस्पताल पहुंचाया गया

जबलपुर। बरेला टोल प्लाजा पर शनिवार रात करीब 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। रायपुर की ओर से जबलपुर आ रहा सरियों से लदा तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर सीधे टोल प्लाजा परिसर में जा घुसा। जोरदार टक्कर से टोल का केबिन और बूम बैरियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ट्राले का चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहन के केबिन में फंस गए थे।
काफी मशक्कत के बाद निकाले गए दोनों
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बरेला टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्राला टोल परिसर में घुस गया। टक्कर के बाद चालक और परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। पुलिस, टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। बताया गया कि रेस्क्यू के दौरान दोनों बेहोशी की हालत में थे। एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों के पैरों में गंभीर चोटें
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में चालक और परिचालक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
टोल प्लाजा पर लगा जाम
हादसे के बाद बरेला टोल प्लाजा पर यातायात प्रभावित हो गया। क्षतिग्रस्त केबिन और ट्राले के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













