मिर्जापुर में राखड़ से भरा हाईवा ऑटो पर पलटा, 3 की मौत; 3 गंभीर घायल
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सिकिया तिराहे के पास हादसा, ग्रामीणों की मदद से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकिया तिराहे के पास फ्लाई ऐश (राखड़) से लदा तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो अहरौरा से सवारियां लेकर नारायणपुर की ओर जा रहा था। नारायणपुर बाजार के पास चालक एक यात्री को उतारने के लिए ऑटो रोककर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा राखड़ से भरा हाईवा बेकाबू होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। भारी वाहन के नीचे दबने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।
ग्रामीणों की मदद से निकाले गए दबे लोग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद हाईवा के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
दो मृतकों की हुई पहचान
थाना प्रभारी वैद्यनाथ सिंह के मुताबिक, मृतकों में 52 वर्षीय मोहन राजभर और 35 वर्षीय अंजना की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।













