बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश में ठंड का कहर, दमोह में पारा 6 डिग्री पर पहुंचा; जबलपुर में 8.6 डिग्री तापमान

प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, 5 जिलों में शीतलहर का अलर्ट; दिन में धार सबसे गर्म

जबलपुर। मध्यप्रदेश में नवंबर के अंतिम दिनों में ठंड का असर तेज हो गया है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जबलपुर में रात का पारा 8.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। रीवा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आठ शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

जबलपुर सहित प्रदेश के 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ। दमोह, रीवा, खजुराहो, उमरिया, मलांजखंड, नौगांव और मंडला में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पांच जिलों में शीतलहर की संभावना

मौसम विभाग ने रविवार, 29 नवंबर को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल सहित 5 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं सोमवार, 30 नवंबर को दमोह और कटनी में ठंडी हवाओं का असर रह सकता है।

भोपाल-इंदौर में भी बढ़ी ठंड

राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में रात का तापमान 11.8 डिग्री, ग्वालियर में 10.3 डिग्री और उज्जैन में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

धार में दिन का तापमान सबसे अधिक

रात में ठंड बढ़ने के बावजूद दिन के तापमान में कुछ शहरों में गर्मी बनी हुई है। निमाड़-मालवा क्षेत्र के धार में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उज्जैन में 30 डिग्री और इंदौर में 29.9 डिग्री रहा। वहीं मलांजखंड में दिन का तापमान सबसे कम 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button