मंत्री विजय शाह को अभियोजन से राहत, राज्यपाल ने नहीं दी मुकदमे की मंजूरी; कांग्रेस ने सरकार को घेरा
कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी का मामला, एसआईटी ने की थी अभियोजन की सिफारिश; जीतू पटवारी बोले- न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं

भोपाल। कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी के मामले में मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मंत्री के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी नहीं दी गई है। कैबिनेट की अनुशंसा पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने भी मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
सरकार की ओर से यह जानकारी दिए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस फैसले से प्रभावित पक्ष इसे चुनौती दे सकता है। फिलहाल मामले की सुनवाई अगली तारीख तय किए बिना टाल दी गई है।
एसआईटी जांच के बाद हुई थी अभियोजन की सिफारिश
यह मामला ऑपरेशन सिंदूर के बाद मंत्री विजय शाह की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी से जुड़ा है। टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। जांच पूरी होने के बाद एसआईटी ने मंत्री के खिलाफ अभियोजन चलाने की सिफारिश की थी।
हालांकि, राज्य सरकार की कैबिनेट ने अभियोजन की मंजूरी नहीं दी। इसके बाद राज्यपाल ने भी कैबिनेट की अनुशंसा पर सहमति जताते हुए मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
सरकार के इस रुख पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार अपने मंत्री को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
पटवारी ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद एसआईटी ने जांच पूरी कर अभियोजन की सिफारिश की थी, लेकिन कैबिनेट ने मुकदमा चलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
कांग्रेस बोली- न्याय की लड़ाई अभी बाकी
पटवारी ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार में मंत्री होना कानून से बचने का कवच बन गया है? उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रभावित पक्ष को सरकार के फैसले को चुनौती देने का रास्ता दिया है, इसलिए न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंत्री को बचाने के लिए राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेना की गरिमा, संविधान और न्याय किसी भी सत्ता से ऊपर हैं।













