छत्तीसगढ़ में 20 लाख के इनामी 5 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, डिवीजन कमांडर भी शामिल
कांकेर में एक डिवीजन कमांडर, दो एरिया कमांडर और दो सक्रिय पार्टी सदस्यों ने हथियारों के साथ छोड़ा हिंसा का रास्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले में कुल 20 लाख रुपये के इनामी 5 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में एक डिवीजन कमांडर, दो एरिया कमांडर और दो सक्रिय पार्टी सदस्य शामिल हैं। सभी ने अपने स्वचालित हथियारों के साथ हिंसा का रास्ता छोड़ दिया।
डिवीजन कमांडर चंदर ने भी डाले हथियार
कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने आत्मसमर्पण की पुष्टि करते हुए बताया कि पांचों नक्सलियों पर शासन की ओर से कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें डिवीजन कमांडर चंदर भी शामिल है। इसके अलावा दो एरिया कमांडर और दो सक्रिय पार्टी सदस्यों ने भी पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। पुलिस प्रशासन आत्मसमर्पण नीति के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। इस घटनाक्रम को बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
बीजापुर में मिला था विस्फोटकों का जखीरा
इससे पहले इसी महीने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर जंगल में सुरक्षाबलों ने संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद किया था। यहां से 50 बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल मिले थे। खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए विस्फोटक बरामद किए गए।
सुकमा में भी मिले थे हथियार और ग्रेनेड
इस साल अगस्त में सुकमा जिले में भी पुलिस ने नक्सलियों के गुप्त ठिकाने से बड़ी संख्या में स्वचालित हथियार, ग्रेनेड और लॉन्चर बरामद किए थे। लगातार कार्रवाई और सुरक्षाबलों की बढ़ती दबिश से बस्तर संभाग में नक्सलियों पर दबाव बढ़ रहा है।













