देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली के विश्वास नगर में भीषण आग, घर में सो रहे 4 लोगों की मौत; 2 झुलसे

ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, सुबह 4:15 बजे लगी आग; दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक मकान में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य झुलस गए। घटना फर्श बाजार थाना क्षेत्र में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:15 बजे मकान के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी। यहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित था। करीब 60 वर्ग गज में बने इस मकान में घटना के समय 6 लोग सो रहे थे। आग तेजी से फैली और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाए गए सभी 6 लोग

दमकल कर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर घर के अंदर फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला और हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि झुलसे 2 लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि दोनों घायलों की हालत स्थिर है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

वजीरपुर की फैक्ट्री में भी लगी आग

इसी दौरान उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बी-85 में प्लास्टिक के सैनिटरी सामान बनाने वाली एक फैक्ट्री में भी आग लग गई। रविवार सुबह करीब 3:50 बजे सूचना मिलने पर दमकल की 2 गाड़ियां, 2 पानी के टैंकर और एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन मौके पर भेजे गए।

करीब 200 वर्ग गज में बनी फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल आग की चपेट में आ गई। वहां कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे थे। सुबह 4:05 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और करीब 5:20 बजे तक बचाव अभियान पूरा हुआ। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Author

Related Articles

Back to top button