युवाओं में भारत को विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने का उत्साह, उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत : मोहन भागवत
आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली में आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में संघ प्रमुख का संबोधन, बोले- देश सर्वोपरि, बाकी सब बाद में

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल पर ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि देश की नई पीढ़ी में भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने की उमंग और उत्साह है। युवाओं के भीतर इसके लिए पराक्रम और पुरुषार्थ करने की इच्छा है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, संवाद और मार्गदर्शन देने की है।
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री और संघ के स्वयंसेवक मौजूद रहे।
युवाओं में क्षमता, जरूरत स्पष्ट लक्ष्य की
मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने देश और दुनिया के विभिन्न देशों में अपने संपर्क और संवाद को बढ़ाने का काम किया है। इसकी आवश्यकता देश, हिंदू समाज और संघ तीनों के दृष्टिकोण से महसूस की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में देश को आगे ले जाने का उत्साह है। उन्हें संवाद, परामर्श और लक्ष्य की स्पष्टता की आवश्यकता है। लक्ष्य हासिल करने का सामर्थ्य और कर्तृत्व युवाओं के भीतर मौजूद है।
देश से ऊपर कुछ नहीं होना चाहिए
संघ प्रमुख ने राष्ट्र को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि व्यक्ति, परिवार, जाति, प्रांत, भाषा, मत, पंथ और संप्रदाय से पहले देश का स्थान होना चाहिए। देश से ऊपर कुछ नहीं होना चाहिए। उन्होंने भारत की अस्मिता, पहचान और अंतःकरण को समझने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
भागवत ने कहा कि भारत के समाज जीवन और राष्ट्र जीवन को समझने के लिए उसकी यात्रा को वैदिक काल से लेकर वर्तमान समय तक के व्यापक संदर्भ में देखना होगा।













