कांग्रेस प्रवक्ता भास्कर मिश्रा के घर पर हमला, एफआईआर दर्ज

सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार रात कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता भास्कर मिश्रा के घर में घुसकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर गाली-गलौज की, फिर गेट तोड़ते हुए घर में घुसने की कोशिश की और भास्कर मिश्रा तथा वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की।
घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पचखोरा क्षेत्र में स्थित भास्कर मिश्रा के घर के बाहर तीन लोग पहुंचे और हंगामा करने लगे। जब भास्कर मिश्रा अपने एक साथी के साथ बाहर आए तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह वे घर के अंदर पहुंचे, जिसके बाद हमलावरों ने गेट तोड़ दिया और भीतर घुसने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने की आशंका पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस घटना में भास्कर मिश्रा और कमलेश सोनी को चोटें आई हैं। घटना के बाद भास्कर मिश्रा के समर्थक देर रात तक कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। रात करीब एक बजे तक थाने में माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
सीएसपी पी.एस. परस्ते ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इससे पहले रास्ता देने को लेकर कमलेश सोनी और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद सत्यम सिंह और उसके दो साथी एक घंटे बाद भास्कर मिश्रा के घर पहुंचे और मारपीट की घटना हुई। कमलेश सोनी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने सत्यम सिंह समेत तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।













