जोधपुर में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 200 किलो उत्पादन की तैयारी

जोधपुर में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 200 किलो उत्पादन की तैयारी
जोधपुर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ऑपरेशन प्रयोगशाला के तहत जोधपुर ग्रामीण पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मेफेड्रोन (एमडी) बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ किया है। इस इकाई से अत्याधुनिक लैब और औद्योगिक उपकरण जब्त किए गए हैं, जिनसे करीब 200 किलोग्राम एमडी तैयार करने की योजना थी।
छापेमारी के दौरान बोरोसिलिकेट जार, ग्लास ट्यूब, इलेक्ट्रिक इंडक्शन मोटर, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्टिरर सहित कई उपकरण बरामद किए गए। यह कार्रवाई सोयला-दंडोर रोड स्थित एक फार्महाउस में की गई।
इससे पहले 25 जनवरी को एनसीबी ने 1.089 किलोग्राम एमडी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि गिरोह का एक मुख्य आरोपी बेंगलुरु में तीन गुप्त एमडी लैब संचालित कर रहा था, जहां से जोधपुर के लिए ड्रग्स लाई गई थीं।
अब तक इस मामले में करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स, 25.6 लाख रुपये नकद, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और 500 किलो से अधिक रसायन जब्त किए जा चुके हैं। तीन मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।













