भारत-रूस मैत्री का भव्य प्रदर्शन
भारतीय-रूसी झंडों से जगमगाया पीएम आवास , पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन संग किया विशेष डिनर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग गुरुवार रात भारत-रूस मैत्री का भव्य प्रतीक बन गया। पूरा परिसर भारतीय और रूसी झंडों तथा आकर्षक रोशनी से सजा हुआ था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विशेष डिनर पर स्वागत किया।

दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन का पीएम मोदी ने स्वयं पालम एयरपोर्ट जाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया और फिर एक ही वाहन से प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। उनकी यह बॉडी लैंग्वेज दोनों देशों की दशकों पुरानी घनिष्ठ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत संदेश देती है।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “भारत में अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। मैं गुरुवार शाम और शुक्रवार को होने वाली बातचीत के लिए उत्सुक हूं। भारत-रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है और दोनों देशों के लिए अत्यंत लाभकारी रही है।”
डिनर से पहले दोनों नेताओं ने स्वागत समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा और कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। इससे पहले जुलाई 2024 में पुतिन ने मॉस्को के नोवो-ओगार्योवो स्थित अपने आधिकारिक आवास पर प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की थी।
शुक्रवार को होने वाला 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों की विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान राजनीति, व्यापार, रक्षा, विज्ञान-तकनीक, संस्कृति और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।
राष्ट्रपति पुतिन को शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत मिलेगा। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता होगी। पुतिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे और महात्मा गांधी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।भारत-रूस संबंधों के इतिहास में यह यात्रा एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रही है।













