सीईओ की गैरमौजूदगी से जनपद पंचायत बैठक स्थगित, प्रतिनिधियों ने किया विरोध प्रदर्शन

सिंगरौली। जनपद पंचायत वैढ़न में शुक्रवार को सीओ की मौजूदगी में जनपद पंचायत अध्यक्ष और सभी जनपद सदस्यों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के लिए सभी जनपद सदस्य अपने अध्यक्ष के साथ समय पर जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और कर्मचारी भी मौजूद रहे, लेकिन जनपद पंचायत के सीईओ के अनुपस्थित रहने के कारण बैठक शुरू नहीं हो सकी।
बैठक न हो पाने से नाराज़ जनपद सदस्य और पंचायत प्रतिनिधि कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और अपना विरोध प्रकट किया। उनका कहना था कि जब नियमानुसार बैठक बुलाई गई थी और सभी जनप्रतिनिधि मौजूद थे, तो सीईओ का उपस्थित न होना गंभीर लापरवाही है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की जानी थी, लेकिन सीईओ की अनुपस्थिति ने पूरे कार्यक्रम को प्रभावित कर दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रमुख अधिकारी ही उपस्थित नहीं होंगे, तो जनप्रतिनिधि अपनी समस्याएँ किसे बताएँगे।
विरोध जताने वाले जनपद सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि आगे से ऐसी स्थिति दोबारा न बने और बैठक के दौरान जिम्मेदार अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहें।













