एनसीएल ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए एनएसटीएफडीसी के साथ किया एमओयू

सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसटीएफडीसी) के साथ एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में सीएसआर के तहत आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया।इस एमओयू का उद्देश्य ईएमआरएस में पढ़ रहे आदिवासी छात्रों को करियर मेंटरशिप, डिजिटल शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से सशक्त बनाना है। एनसीएल द्वारा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के 45 ईएमआरएस में डिजिटल शिक्षण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 4.8 करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस पहल से 17,000 से अधिक आदिवासी छात्रों को लाभ मिलेगा। समझौते पर एनसीएल की ओर से प्रबंधक (सिविल/सीएसआर) अभिनव दीक्षित और एनएसटीएफडीसी की ओर से उप महाप्रबंधक बिस्मिता दास ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जनजातीय कार्य सचिव रंजना चोपड़ा, उप महानिदेशक कोयला मंत्रालय चेतना शुक्ला तथा एनएसटीएफडीसी और एनसीएल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
एनसीएल की यह पहल छात्रों के शैक्षणिक विकास और बेहतर शैक्षिक सुविधाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मानी जा रही है।













