दुमका में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड, महिला और मासूम बेटी के शव बरामद
बंद पुलिस कार्यालय के पीछे मिले शव, प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका के नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। वीर कुंवर सिंह चौक के समीप स्थित सदर आरक्षी निरीक्षक के बंद पड़े कार्यालय के पीछे बरामदे से पुलिस ने एक महिला और उसकी करीब छह वर्षीय बेटी का शव बरामद किया है। दोनों के नाक और मुंह से खून निकलता देख पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बरामदे में शव पड़े देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विजय महतो और नगर थाना प्रभारी जगन्नाथ धान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और भीख मांगकर अपना व अपनी बच्ची का गुजारा करती थी। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।













