केन-बेतवा परियोजना मुआवजे को लेकर छतरपुर में बवाल, प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव
सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी के विरोध में उग्र हुआ प्रदर्शन, 40 से अधिक लोगों पर एफआईआर

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुआवजे को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे आदिवासी एवं ग्रामीणों ने देर रात पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर किया।
जानकारी के अनुसार, केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित विस्थापितों और गरीबों के अधिकारों को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं समाजसेवी अमित भटनागर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दिया।
छतरपुर एसपी अगम जैन ने बताया कि एसडीएम को घेरने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, चक्का जाम करने और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में 40 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने अमित भटनागर को शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी गई है।
प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। प्रशासन की समझाइश के बावजूद देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।













