12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान, जनजीवन प्रभावित होने की आशंका
ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों का विरोध प्रदर्शन, बैंक-परिवहन सेवाओं पर पड़ सकता है असर

नई दिल्ली। देशभर में बुधवार 12 फरवरी को सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। भारत की 10 प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने मिलकर भारत बंद का आह्वान किया है। यह बंद केंद्र सरकार के नए श्रम कोड, प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और हाल ही में लागू कुछ नए कानूनों के विरोध में बुलाया गया है।
बंद के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, परिवहन सेवाओं और प्रमुख बाजारों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। विभिन्न संगठनों ने इस दौरान विरोध प्रदर्शन और रैलियां आयोजित करने की भी घोषणा की है। हालांकि, आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को बंद से अलग रखा गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहेंगी।
इधर, रेलवे प्रशासन भी बंद को लेकर सतर्क हो गया है। रेलवे ने सभी रेल जोनों को पत्र जारी कर 12 फरवरी को रेल संचालन निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रेल कर्मचारियों की छुट्टियों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी बंद को लेकर अलर्ट मोड पर हैं।













