भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर राहुल गांधी के सवाल, सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत स्थिर वैश्विक व्यवस्था से अस्थिरता की ओर बढ़ रहा है और सरकार की नीतियां देश के हितों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण से संकेत मिलता है कि दुनिया में जियोपॉलिटिकल तनाव तेजी से बढ़ रहा है। चीन, रूस सहित कई देश अमेरिका के प्रभुत्व को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया अब ऊर्जा और वित्तीय हथियारों के दौर में प्रवेश कर चुकी है और यह वैश्विक अस्थिरता का संकेत है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें युद्ध के दौर के समाप्त होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात इसके विपरीत संकेत दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने भारत-अमेरिका संबंधों के संदर्भ में भारतीय डेटा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में यह भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यदि भारत किसी भी वैश्विक समझौते में शामिल होता है तो उसे बराबरी के स्तर पर बातचीत करनी चाहिए।
राहुल गांधी के बयान के बाद संसद और राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।













