होमगार्ड स्थापना दिवस पर सिंगरौली में दिखा अनुशासन का शौर्य, दिलीप शाह ने ली परेड की सलामी

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित कमांडेंट कार्यालय परिसर में शनिवार को होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह रहे, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर जवानों का उत्साहवर्धन किया।समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद होमगार्ड जवानों ने शानदार परेड कर अपने अनुशासन, प्रशिक्षण और दक्षता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सीआईडी अधिकारी प्रमोद सिंह, प्लाटून कमांडर योगेंद्र बहादुर सिंह, एसडीईआरएफ की टीम एवं आपदा मित्र कार्यक्रम से जुड़े सदस्य भारी संख्या में मौजूद रहे।

प्लाटून कमांडर योगेंद्र बहादुर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। संबोधन के दौरान मंत्री दिलीप शाह ने कहा कि होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था और जनसेवा की रीढ़ हैं। उन्होंने जवानों की सेवा भावना और समर्पण की खुले दिल से सराहना की।
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने भी होमगार्ड जवानों की तत्परता और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपात स्थितियों में इनकी भूमिका बेहद सराहनीय रहती है।कार्यक्रम के दौरान मंत्री शाह ने आपदा राहत उपकरणों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड जवानों एवं आपदा मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।













