गाय को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
शिवपहड़ी कन्वेयर रोड के पास की बताई जा रही घटना

सिंगरौली। जिले में एक अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक गाय को ट्रैक्टर से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए देखा जा सकता है। यह घटना शिवपहड़ी कन्वेयर रोड के पास की बताई जा रही है। वीडियो में गाय को घसीटने के बाद सड़क किनारे फेंकते हुए भी दिखाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पशु क्रूरता के गंभीर उदाहरण हैं और इस पर तुरंत अंकुश लगाया जाना जरूरी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में अब तक किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत प्रशासन के पास दर्ज नहीं कराई गई है। घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक और अन्य लोगों की पहचान भी फिलहाल नहीं हो पाई है।
गौ सेवा संस्थान के संचालक नरेश कुमार शाह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय बताया। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेने, आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बावजूद अभी तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई सामने नहीं आई है। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस पर टिकी हैं कि दोषियों के खिलाफ कब और क्या कदम उठाए जाते हैं।













