7वें दिन भी इंडिगो संकट जारी: 300 से ज्यादा फ्लाइट रद्द, कंपनी बोली— 3 दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी

नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइन का परिचालन संकट सोमवार को सातवें दिन भी बना रहा। सुबह 9 बजे तक दिल्ली, श्रीनगर, हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट से 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे एक दिन पहले भी एयरलाइन 650 से अधिक फ्लाइटें कैंसिल कर चुकी थी। कंपनी का कहना है कि स्थिति में सुधार लगातार जारी है और अगले तीन दिनों में नेटवर्क सामान्य हो जाएगा।
इंडिगो ने दावा किया है कि उसकी 2,300 दैनिक उड़ानों में से 1,650 का संचालन किया गया। वहीं डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और अकाउंटेबल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस के जवाब देने के लिए 24 घंटे का अतिरिक्त समय दिया है। अब दोनों सोमवार शाम तक अपना जवाब जमा कर सकेंगे।
सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि स्थिति रोज बेहतर हो रही है और 10 दिसंबर तक नेटवर्क स्थिर होने की उम्मीद है। इससे पहले कंपनी ने 10 से 15 दिसंबर के बीच पूरी तरह सामान्य होने का अनुमान लगाया था। एयरलाइन के अनुसार मौजूदा संकट में यात्रियों को दिए जाने वाले रिफंड में तेजी लाई गई है। अब तक 610 करोड़ रुपए से ज्यादा के रिफंड प्रोसेस किए जा चुके हैं और करीब 3,000 यात्रियों का बैगेज लौटा दिया गया है।
संकट के कारणों की जांच के लिए इंडिगो ‘रूट कॉज एनालिसिस’ कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि नई एफडीटीएल (Flight Duty Time Limit) व्यवस्था लागू होने से क्रू प्लानिंग में बफर की कमी हुई, जो प्रमुख वजह बनी। अधिकारी ने साफ किया कि पायलटों की कमी नहीं है, लेकिन अन्य एयरलाइनों की तुलना में बफर स्टाफ कम है।
कई शहरों में उड़ानों पर भारी असर
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट से इंडिगो की 65 आने वाली और 62 जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अनुसार, सोमवार को इंडिगो ने कुल 134 उड़ानें रद्द कीं, जिनमें 75 प्रस्थान और 59 आगमन वाली फ्लाइट शामिल थीं।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर शेड्यूल्ड 64 उड़ानों में से इंडिगो की 36 फ्लाइट ऑपरेट हो रही थीं, जिनमें से 16 रद्द करनी पड़ीं। अन्य एयरलाइनों की उड़ानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। हैदराबाद एयरपोर्ट से इंडिगो की 77 उड़ानों पर असर हुआ, जिनमें 38 आने वाली और 39 जाने वाली फ्लाइटें शामिल थीं।देश की सबसे बड़ी एयरलाइन का यह संकट जारी रहने से हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं।













