ग्रामोदय से अभ्युदय तक अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

सिंगरौली – शासकीय महाविद्यालय देवसर में विगत दिवस मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी अभियान “ग्रामोदय से अभ्युदय तक” विकास खण्ड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक,विशिष्ट अतिथि, रमापती साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंम्भ दीप प्रज्वलित कर किया गया,वहीं विकास खण्ड समन्यवक प्रभुदयाल दाहिया द्वारा स्वागत भाषण के माध्यम से कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय तक अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर ग्राम स्तर पर उत्सव के रूप में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में ग्रामोत्सव,ग्राम चौपाल,ग्राम रैली,सामूहिक श्रमदान,पारिवारिक संपर्क,सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण,स्वावलंबन एवं स्वदेशी,नागरिक सेवा, शिक्षा एवं संस्कार,नशामुक्त समाज,गौ-संरक्षण जैसी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।यह भी कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी है,जिसके माध्यम से जीवन में हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।आने वाली पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर ही एक सभ्य और सशक्त समाज की स्थापना संभव है।तभी वर्ष 2047 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के मिशन और परिकल्पना को साकार किया जा सकेगा। जिससे देश आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ विश्वगुरु के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित करेगा।













