बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राही वर्षों से परेशान, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

सिंगरौली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को अब तक घर न मिल पाने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। नगर निगम की लापरवाही के चलते कई परिवार चार साल से आवास के लिए भटक रहे हैं। 50 हजार रुपये तक की राशि जमा करने के बावजूद लाभ नहीं मिलने से नाराज हितग्राहियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर गौरव बेनर से शिकायत दर्ज कराई।
नवजीवन विहार सेक्टर-1 निवासी निशिता सिंह ने बताया कि उन्होंने 8 मार्च 2020 को पीएम आवास के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद 31 अगस्त 2021 को उनसे 50,000 रुपये की राशि निगम कार्यालय में जमा कराई गई, लेकिन इसके बाद भी उन्हें आवास उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका कहना है कि हर बार निगम के चक्कर लगाने पर ‘अगले सप्ताह घर मिल जाएगाÓ का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन स्थिति वर्षों से अपरिवर्तित है।

इसी तरह अन्य कई हितग्राहियों ने भी अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार सभी जरूरी दस्तावेज और भुगतान निगम में जमा कर दिया गया है, फिर भी आवास न मिलना सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है। महिलाओं ने बताया कि वे बार-बार निगम अधिकारियों के पास गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है।
हितग्राहियों की समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर गौरव बेनर ने तुरंत नगर निगम अधिकारियों से विवरण मांगते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने साफ कहा कि पात्र हितग्राहियों को किसी भी हाल में परेशान नहीं होना चाहिए और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान आवश्यक है।

वहीं, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष कुमार पांडे ने बताया कि जिन हितग्राहियों ने अब तक भुगतान नहीं किया है, उनके नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने राशि जमा कर दी है, उनके लिए नई सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद अब पात्र हितग्राहियों को उम्मीद है कि उन्हें उनका हक मिलेगा और जल्द ही उनके परिवारों को पक्की छत नसीब होगी।

Author

Related Articles

Back to top button