मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 1750 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 15 दिवसीय यातायात अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन में 26 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 1750 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इन उल्लंघनों पर कुल 10 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति, बिना वैध बीमा और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अधिकतर कार्रवाई की गई है। केवल बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ही 1000 प्रकरण दर्ज किए गए, जिन पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसी तरह अन्य श्रेणियों में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया। इसमें ‘राहगीर योजना के बारे में जानकारी दी गई, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की सहायता और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इसके अलावा हिट एंड रन प्रतिकर योजना और कैशलेस इलाज योजना की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई।

सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न चौराहों, पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थानों पर फ्लेक्स-बैनर लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान 10 दिसंबर तक जारी रहेगा और नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई होती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button