मध्य प्रदेशसिंगरौली

अवैध कोयला तस्करी पर फॉरेस्ट विभाग का बड़ा एक्शन, एमपी-सीजी बॉर्डर से 4 ट्रक जब्त

डीएफओ अखिल बंशल के निर्देश पर कार्रवाई, कोयला माफियाओं में हड़कंप

सिंगरौली। जिले में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ फॉरेस्ट विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर चार ट्रकों को जब्त किया है। यह ट्रक सिंगरौली से कोयला लेकर छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे थे। कार्रवाई जिले के डीएफओ अखिल बंशल के निर्देश पर की गई, जिससे कोयला तस्करों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार सिंगरौली क्षेत्र की कोयला खदानों से लंबे समय से अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर फॉरेस्ट विभाग ने एमपी-सीजी बॉर्डर पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें चार संदिग्ध ट्रकों को रोका गया। प्रारंभिक जांच में कोयला परिवहन से जुड़े दस्तावेज संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद ट्रकों को जब्त कर लिया गया।

दस्तावेजों की गहन जांच जारी
फॉरेस्ट विभाग द्वारा जब्त ट्रकों के कागजात, परमिट, रॉयल्टी रसीद और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित ट्रक मालिकों और तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम सहित अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तस्कर भूमिगत, नेटवर्क पर नजर
इस कार्रवाई के बाद कोयला तस्करी से जुड़े कई लोग जांच के डर से भूमिगत हो गए हैं। वहीं, एमपी-यूपी खनहना बॉर्डर क्षेत्र में भी अवैध तस्करी के संभावित नेटवर्क को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने वहां भी सघन जांच और कार्रवाई की मांग की है।फॉरेस्ट विभाग का कहना है कि अवैध कोयला तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button