आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, कबाड़ी के गोदाम से कई टन रेलवे का चोरी का लोहा जब्त

कटनी। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत न्यू कटनी जंक्शन की रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी के मंगलनगर क्षेत्र में एक कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में रेलवे का चोरी का लोहा बरामद किया गया। मौके से कबाड़ी आकिब खान को हिरासत में लेकर रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ को लंबे समय से रेलवे के विभिन्न विभागों से लोहा चोरी होने और उसे कबाड़ियों के माध्यम से गलाकर खपाने की शिकायतें मिल रही थीं। 13 दिसंबर को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने मंगलनगर की प्यासी गली में स्थित आकिब खान के गोदाम पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान गोदाम में अन्य कबाड़ के सामान के बीच छिपाकर रखा गया कई टन रेलवे का लोहा बरामद किया गया। जांच में सामने आया है कि यह लोहा सीएनडब्लू, डीजल शेड सहित रेलवे के विभिन्न विभागों से चोरी किया गया था। इसके अलावा शहर में निर्माणाधीन ग्रेड सेपरेटर में उपयोग होने वाले लोहे की चोरी में भी आरोपी की संलिप्तता पाई गई है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी आकिब खान लंबे समय से रेलवे क्षेत्र से चोरी का लोहा खरीदने और उसे गलाकर या अन्य तरीकों से ठिकाने लगाने का काम कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर आरपीएफ काफी समय से नजर बनाए हुए थी।
आरपीएफ एनकेजे निरीक्षक महेशचंद्र मीना ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ रेल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।













