देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नकली दवाओं का बड़ा भंडाफोड़: गाजियाबाद में अवैध फैक्ट्री का खुलासा, दो गिरफ्तार

 

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के लोनी इलाके में चल रही एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस फैक्ट्री में स्किन से जुड़ी बीमारियों की नकली दवाएं बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही थीं, जिनकी आपूर्ति पूरे उत्तर भारत में की जा रही थी। इससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।

क्राइम ब्रांच को लंबे समय से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में नकली दवाओं के सक्रिय नेटवर्क की सूचना मिल रही थी। पुख्ता इनपुट के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद लोनी स्थित फैक्ट्री पर छापेमारी कर इसका भंडाफोड़ किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्किन रोगों की भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल, दवाएं बनाने की मशीनें, लेबल और नामी कंपनियों जैसी दिखने वाली पैकेजिंग सामग्री बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में बनी नकली दवाएं दिल्ली के सदर बाजार सहित कई बड़े दवा बाजारों में सप्लाई की जा रही थीं। इसी क्रम में पुलिस ने सदर बाजार में भी कार्रवाई कर नकली दवाओं की एक खेप जब्त की है।

इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक फैक्ट्री का मालिक बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी दवाओं की सप्लाई और वितरण से जुड़ा हुआ था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली दवाओं के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button