देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़

दक्षिण अफ्रीका में निर्माणाधीन हिंदू मंदिर ढहा, भारतीय मूल के व्यक्ति समेत 4 की मौत

 

जोहानसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में एक बड़ा हादसा सामने आया है। ईथेक्विनी के उत्तर में रेडक्लिफ इलाके में स्थित निर्माणाधीन न्यू अहोबिलम टेम्पल ऑफ प्रोटेक्शन का एक हिस्सा ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 52 वर्षीय भारतीय मूल का व्यक्ति भी शामिल है। इस घटना से स्थानीय भारतीय समुदाय और मंदिर से जुड़े लोगों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ी पर बने इस चार मंज़िला हिंदू मंदिर का विस्तार कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग मलबे में दब गए। शुरुआत में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि शनिवार को मलबे से दो और शव बरामद किए गए। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य रोक दिया गया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतकों में विक्की जयराज पांडे भी शामिल हैं, जो मंदिर ट्रस्ट के एग्जीक्यूटिव सदस्य और निर्माण परियोजना के मैनेजर थे। मंदिर से जुड़ी चैरिटी संस्था के निदेशक ने उनकी मौत की पुष्टि की है। बताया गया है कि मंदिर को गुफा के आकार में डिजाइन किया गया था और इसके निर्माण में भारत से लाए गए विशेष पत्थरों का उपयोग किया जा रहा था।

इस बीच ईथेक्विनी नगरपालिका ने गंभीर खुलासा करते हुए कहा है कि मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक बिल्डिंग परमिशन नहीं ली गई थी। ऐसे में इस निर्माण को अवैध माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button