मध्य प्रदेशसिंगरौली

धान खरीदी केंद्रों पर व्यापारियों का धान खपाने के आरोप, किसानों से सस्ते दामों पर की जा रही खरीदी

सिंगरौली।सिंगरौली जिले में चल रही धान खरीदी व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई खरीदी केंद्रों पर किसानों के बजाय व्यापारियों का धान खपाया जा रहा है। आरोप है कि व्यापारी छोटे और जरूरतमंद किसानों से समर्थन मूल्य से कम दामों पर धान खरीद रहे हैं और बाद में उसी धान को सरकारी खरीदी केंद्रों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि व्यापारी किसानों को तत्काल नकद भुगतान का लालच देकर सस्ते दामों पर धान खरीद लेते हैं। इसके बाद उक्त धान को विभिन्न गुप्त स्थानों पर स्टॉक किया जाता है। जैसे ही खरीदी केंद्रों पर मौका मिलता है, वही धान किसानों के नाम से या अन्य माध्यमों से केंद्रों पर खपा दिया जाता है। इससे वास्तविक किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

सूत्रों के अनुसार कई खरीदी केंद्रों पर यह पूरा खेल कर्मचारियों और बिचौलियों की मिलीभगत से चल रहा है। धान की तौल, गुणवत्ता जांच और टोकन प्रणाली में भी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। जिन किसानों के पास प्रभाव या पहचान नहीं है, उन्हें बार-बार लौटा दिया जाता है, जबकि व्यापारियों का धान आसानी से खरीदा जा रहा है।

किसानों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मजबूरी में कई किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचने को विवश हो रहे हैं। इससे शासन की मंशा के विपरीत किसानों को समर्थन मूल्य का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस मामले को लेकर किसान संगठनों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्रों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी व्यापारियों, बिचौलियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं प्रशासन का कहना है कि यदि शिकायतें मिलती हैं तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button