घने कोहरे के चलते सिंगरौली पुलिस की यातायात सुरक्षा एडवाइजरी जारी

सिंगरौली।घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सिंगरौली पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
एडवाइजरी में यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने, अनावश्यक यात्रा टालने, धीमी गति से वाहन चलाने, लो-बीम हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करने, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, तेज संगीत जैसे विकर्षणों से दूर रहने को कहा गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अत्यधिक कोहरे की स्थिति में सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करें, लेकिन यात्रा वाले हिस्से में वाहन न रोकें। सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।













