मध्य प्रदेशसिंगरौली

गैस पाइपलाइन कार्य बना जनता की मुसीबत, दो महीने से बाधित है आवागमन

सिंगरौली। नगर पालिका निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 28 स्थित शगुन गार्डन के सामने भारत पेट्रोलियम कंपनी द्वारा घर-घर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर जगह-जगह पाइप रखकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शगुन गार्डन के सामने मुख्य सड़क पर गैस पाइपें पिछले करीब दो महीनों से पड़ी हुई हैं। इसके कारण कचनी गांव जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। मजबूरी में लोगों को लगभग 200 मीटर लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह मार्ग मुख्य सड़क से जुड़ा है, जहां भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है। सड़क पर पाइप पड़े होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।अब देखना होगा कि नगर पालिका निगम और भारत पेट्रोलियम कंपनी इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देती है और आम जनता को राहत मिल पाती है या नहीं।

Author

Related Articles

Back to top button