अवैध कोयला भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 टन कोयला जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध कोयला भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी गोरबी के ग्राम पडरी से करीब 35 टन अवैध कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई।
खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा को ग्राम पडरी में अवैध रूप से कोयला भंडारित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां भारी मात्रा में कोयला अवैध रूप से रखा मिला। जांच के दौरान कोयले के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही उसके स्वामित्व या परिवहन से जुड़े कोई दस्तावेज पाए गए।
खनिज विभाग ने कोयले को लावारिस मानते हुए जब्त कर लिया और सुरक्षार्थ मोरवा थाने में रखवाया है। मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा कोयले के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी खनिज विभाग ने अवैध कोयला परिवहन करते हुए 8 ट्रकों को पकड़ा था। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













