हत्या के प्रयास के मामले में 5 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
सरसों की फसल काटने को लेकर हुआ था विवाद, लाठी-डंडों से की गई मारपीट

सिंगरौली।थाना गढ़वा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार खत्री के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन में की गई।
मामला थाना गढ़वा क्षेत्र के ग्राम बहेरी चौकी बगदरा का है। फरियादी राजकुमार सिंह गुर्जर (50) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने मध्यप्रदेश शासन की आराजी भूमि पर सरसों की फसल बोई थी। 29 जनवरी को सुबह करीब 11.30 बजे अनिल गुर्जर और अशोक गुर्जर ट्रैक्टर लेकर आए और रेपर मशीन से फसल काटने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना में राजकुमार गुर्जर सहित मनोज, लालबहादुर, रमेश और पवन गुर्जर घायल हो गए। सभी घायलों को पहले चितरंगी सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर वैढ़न रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल रमेश गुर्जर और लालबहादुर गुर्जर को रीवा के एसजीएमएच रेफर किया गया है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 20/26 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) व 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों—शेषमणि गुर्जर, अशोक गुर्जर, अनिल गुर्जर, प्रमोद गुर्जर और तेजबहादुर गुर्जर—को 30 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय देवसर में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विद्यावारिधि तिवारी सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।













