अस्थायी गोशाला में गायों की मौत, जांच के आदेश

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड से पशु क्रूरता और लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत धानी में बनाई गई अस्थायी गोशाला में कई गायों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय निवासी आलोक कुमार के अनुसार, ग्राम पंचायत क्षेत्र में घूमने वाले निराश्रित पशुओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह अस्थायी बाड़ा बनाया गया था। बीते कुछ दिनों से यहां रखी गई गायों की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंतत: उनकी मौत हो गई। जब ग्रामीणों ने बाड़े के भीतर मृत गायों को देखा तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई।
एसडीएम ने दिए जांच व कार्रवाई के निर्देश
चितरंगी एसडीएम सौरभ मिश्रा ने गायों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यदि पशुओं की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों और पंचायत पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौत के कारणों की हो रही जांच
फिलहाल गायों की मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि अत्यधिक ठंड, किसी बीमारी या चारे-पानी की कमी के कारण तो यह घटना नहीं हुई। इसके साथ ही गोशाला में व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।
अन्य पशुओं की सुरक्षा पर जोर
घटना के बाद प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि बाड़े में मौजूद अन्य गायों के स्वास्थ्य की तत्काल जांच कराई जाए। उनके लिए पर्याप्त चारा, पानी और ठंड से बचाव के इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













