बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विश्व ध्यान दिवस पर सिंगरौली समेत प्रदेशभर के थानों में हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली।विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश के समस्त थानों में एक साथ हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सिंगरौली जिले में भी तीन दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान शिविर का सफल आयोजन कर पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया गया।

पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में जिले के सभी अनुभागों, थानों एवं निर्धारित स्थलों पर यह कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ध्यान शिविर में प्रतिभागियों को हृदय पर ध्यान केंद्रित करने, मानसिक शांति प्राप्त करने, तनाव व दबाव से मुक्ति, आत्म-संतुलन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के अभ्यास कराए गए। सत्रों में बताया गया कि नियमित ध्यान से एकाग्रता, निर्णय क्षमता और कार्यकुशलता में वृद्धि होती है, जिससे पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा सकारात्मक कार्य वातावरण का निर्माण करना रहा। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते, एसडीओपी चितरंगी श्री राहुल कुमार सैयाम सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सिंगरौली पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Author

Related Articles

Back to top button