मुंबई में सनसनी: रोहित शेट्टी के घर के बाहर तड़के फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

मुंबई।बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक-निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास शेट्टी टावर्स के बाहर रविवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह घटना 1 फरवरी 2026 की रात करीब 12:45 से 1:00 बजे के बीच हुई, जब हमलावरों ने इमारत के बाहर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस वारदात में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर मौजूद थे।
फायरिंग की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस, मुंबई क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और बैलिस्टिक जांच की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए 12 विशेष टीमें गठित की हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध बाइक सवार के इलाके में देखे जाने की जानकारी मिली है।
घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में रोहित शेट्टी को कथित तौर पर धमकी देते हुए इसे “ट्रेलर” बताया गया है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
इस घटना ने जुहू जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जबरन वसूली या दहशत फैलाने के एंगल से भी जांच की जा रही है। रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच जारी है।













