सिंगरौली में भू-माफिया ने शासकीय भूमि पर किया कब्जा, नाला पाटकर मकान निर्माण शुरू

सिंगरौली-बैढ़न गैस फैक्ट्री रोड गनियारी (बाबा होटल के पास) स्थित मध्य प्रदेश शासन की खाली भूमि पर स्थानीय निवासी उमाशंकर चौरसिया ने रातों-रात अवैध मकान और गेट बना दिए हैं। यह भूमि वर्षों से नाले के मार्ग पर है, जिसे मिट्टी और डैम से पाटकर कब्जा किया गया, जिससे भविष्य में मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव का खतरा उत्पन्न हो गया है।
पार्षद ने कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई
वार्ड क्रमांक 39 की पार्षद अनुष्का अमित यादव ने सोमवार को कलेक्टर को शिकायत भेजी। उन्होंने बताया कि भूमि क्रमांक 896/3(एस) पर मौजूद नाला तीन वार्डों के पानी की निकासी का प्रमुख मार्ग है।
अतिक्रमण से बढ़ा जलभराव का खतरा
पार्षद ने चेताया कि यदि नाले को पाटने की यह स्थिति बनी रही, तो बरसात में आसपास के घरों में पानी घुस सकता है। उन्होंने शासकीय भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने और नाले की बहाव क्षमता सुनिश्चित करने की तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रशासनिक हस्तक्षेप जरूरी
स्थानीय लोगों और पार्षद ने कलेक्टर, तहसीलदार और नगर निगम आयुक्त का ध्यान आकर्षित किया है ताकि समय रहते अवैध निर्माण रोका जा सके और नाले का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।













