देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 सीज़न से रिलीज़ किया

कोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीज़न से रिलीज़ करने की पुष्टि की है। फ्रेंचाइज़ी ने यह निर्णय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के निर्देशों के बाद लिया है।

KKR की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि BCCI/IPL ने टीम को सीज़न शुरू होने से पहले मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज़ करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी औपचारिक प्रक्रियाओं और आपसी बातचीत को पूरा करते हुए फ्रेंचाइज़ी ने खिलाड़ी को टीम से मुक्त कर दिया।

KKR ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईपीएल के नियमों के तहत, मुस्तफिजुर रहमान के स्थान पर एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, इस रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है और संबंधित विवरण उचित समय पर घोषित किए जाएंगे।

इससे पहले, आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के इस तेज़ गेंदबाज को 9.20 करोड़ में खरीदा था। लेकिन, बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा के बाद भारत में कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने आईपीएल में मुस्तफिजुर रहमान को खेलने का विरोध किया था। इसके बाद, कुछ समूहों ने केकेआर के इस फैसले के खिलाफ कैंपेन भी चलाया था।

बांग्लादेश में हाल ही में हिंदू समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा के बाद भारत-बांग्लादेश रिश्तों में गिरावट आई है। इससे पहले, बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में ईशनिंदा के आरोप में एक हिंदू युवक, दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद, राजबाड़ी में एक अन्य हिंदू युवक की लिंचिंग हुई, जिसने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुस्तफिजुर रहमान, जो 30 साल के हैं, बांग्लादेश के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक हैं और दुनियाभर की लीग में खेलते हैं। वह 2016 से आईपीएल में खेल रहे हैं और इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं। अब तक आईपीएल में उन्होंने 60 मैचों में 65 विकेट हासिल किए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button