पति की प्रताड़ना से तंग महिला ने की हत्या, सूरत में चौंकाने वाला खुलासा

सूरत। गुजरात के सूरत शहर में एक 37 वर्षीय महिला को अपने पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। आरोपी महिला ने पूछताछ में कबूल किया कि उसका पति ताकत बढ़ाने वाली दवाओं का सेवन कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और इस दौरान उसे गंभीर रूप से घायल कर देता था। लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस निरीक्षक एन.के. कमलिया के अनुसार, आरोपी महिला और उसका पति मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। पति मुंबई में मजदूरी करता था और महीने में एक बार सूरत आता था। महिला ने बताया कि हर बार पति के आने पर उसे हिंसा और यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ता था, जिससे उसे गंभीर चोटें और रक्तस्राव तक होता था।
महिला ने पति को मारने के लिए दो बार प्रयास किया। 1 जनवरी की रात उसने हल्दी वाले दूध में चूहे मारने की दवा मिलाकर पति को पिला दी, लेकिन उसकी मौत नहीं हुई। इसके बाद 5 जनवरी को, जब पति की हालत पहले से खराब थी, महिला ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद महिला ने इसे बीमारी से हुई मौत दिखाने की कोशिश की। मामला तब खुला जब मृतक के भाई को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के अंश और गला घोंटने के निशान मिलने के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।













