CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: टाइप-1 डायबिटीज पीड़ित छात्रों को बड़ी राहत, परीक्षा हॉल में खाने-पीने व मेडिकल उपकरणों की अनुमति

नई दिल्ली। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित छात्रों के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। CBSE ने एक विशेष सर्कुलर जारी कर ऐसे छात्रों को परीक्षा हॉल के भीतर खाने-पीने की आवश्यक वस्तुएं और मेडिकल उपकरण साथ रखने की अनुमति दी है।
बोर्ड के अनुसार, डायबिटीज से जूझ रहे छात्र चॉकलेट, कैंडी, फल, सैंडविच के साथ-साथ ग्लूकोमीटर, इंसुलिन पंप और ग्लूकोज मॉनिटरिंग डिवाइस परीक्षा के दौरान अपने पास रख सकेंगे। हालांकि, सभी सामग्री पारदर्शी बैग या बॉक्स में लाना अनिवार्य होगा और पानी भी पारदर्शी बोतल में ही लाया जा सकेगा।
यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगी जिनका विवरण स्कूल द्वारा ‘लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स’ में टाइप-1 डायबिटीज के रूप में दर्ज किया गया है। इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट और विशेषज्ञ डॉक्टर का प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
CBSE ने परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे छात्रों के प्रति संवेदनशीलता बरती जाए और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। बोर्ड के इस फैसले से बीमार छात्रों को बिना तनाव के परीक्षा देने का सुरक्षित और समान अवसर मिलेगा।













