सिंगरौली की मानवाधिकार टीम को “राष्ट्रीय गौरव सम्मान”
विस्थापितों के अधिकारों के लिए संघर्ष को मिली राष्ट्रीय पहचान

सिंगरौली; नई दिल्ली में आयोजित एक वृहद एवं गरिमामय समारोह में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन की सिंगरौली टीम को सेवा एवं संघर्ष के लिए राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संगठन द्वारा विस्थापितों के मानवाधिकारों की रक्षा के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में देश के कई सांसदों, उत्तराखंड के मुख्य न्यायाधीश तथा दिल्ली के पूर्व पुलिस महानिदेशक की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने मानवाधिकारों के संरक्षण के क्षेत्र में संगठन के योगदान की सराहना करते हुए सिंगरौली के कार्यकर्ताओं को सम्मान प्रदान किया। सिंगरौली जिले से सम्मानित होने वाले मानवाधिकार कार्यकर्ताओं में अमित तिवारी, सत्येंद्र पासवान, रमन सिन्हा, सुशील वर्मा, राकेश राय एवं पंकज जायसवाल शामिल रहे। इन सभी ने विस्थापित परिवारों के अधिकारों, पुनर्वास और न्याय की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पुरस्कार उनके संघर्ष को नई ऊर्जा देगा और वे भविष्य में भी मानवाधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। समारोह का आयोजन नई दिल्ली में किया गया, जहाँ देशभर से सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।













