बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

रतलाम-झाबुआ रोड पर भीषण हादसा, ट्रक पलटने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत

रतलाम।मध्यप्रदेश के रतलाम-झाबुआ मार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टाइल्स से भरा एक ट्रक चढ़ाई पर संतुलन खो बैठा और पीछे चल रहे लोडिंग वाहन पर पलट गया, जिससे उसमें सवार तीनों लोग ट्रक के नीचे दब गए।

यह हादसा बिलपांक थाना क्षेत्र के उंडवा गांव के पास रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुआ। झाबुआ की ओर से रतलाम आ रहा ट्रक कोयला घाटी की चढ़ाई चढ़ते समय अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया। इसी दौरान उसके पीछे चल रहा छोटा लोडिंग वाहन उसकी चपेट में आ गया और ट्रक उसके ऊपर पलट गया। दोनों वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। लोडिंग वाहन में अंडों के खाली रैकेट भरे हुए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक और लोडिंग वाहन को अलग करने के लिए दो क्रेन और एक जेसीबी की मदद ली गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में फंसे तीनों शवों को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

हादसे के चलते कुछ समय तक सड़क यातायात भी बाधित रहा, जिसे वाहनों को हटाने के बाद बहाल किया गया।मृतकों की पहचान अब्दुल हमीद (50) निवासी झाबुआ, रियाज (48) निवासी सुभाष नगर रेलवे फाटक के पास, रतलाम और जफर (52) निवासी मोहन टॉकीज पिंजारवाड़ी, रतलाम के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना से दोनों जिलों में शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button