सिंगरौली में पोलियो पीड़ित बैगा बालक का वीडियो वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल

सिंगरौली । जिले के ग्राम मुड़वनिया, ग्राम पंचायत बरहपान से एक बेहद मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बैगा समाज का लगभग 12 वर्षीय पोलियो से ग्रसित बालक सिर पर लकड़ी का गट्टा रखकर हाथों और घुटनों के बल चलते हुए दिखाई दे रहा है। यह दृश्य न सिर्फ संवेदनाओं को झकझोरने वाला है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि चलने-फिरने में असमर्थ यह बालक किसी सहारे के बिना जीवन की कठिन राह तय करने को मजबूर है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है।
इस मामले को लेकर सिंगरौली के पूर्व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सूर्या द्विवेदी ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य सरकार की नीतियों, सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की असल तस्वीर दिखाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि दिव्यांगों और विशेष रूप से आदिवासी समाज के बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाएं जमीनी स्तर पर आखिर क्यों नहीं पहुंच पा रही हैं।
सूर्या द्विवेदी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बालक को तत्काल चिकित्सा सहायता, ट्राइसाइकिल या व्हीलचेयर तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।













