देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

प्रयागराज माघ मेला: 48 घंटे में तीसरी बार आग, एक युवक गंभीर रूप से झुलसा

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित माघ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुरानी रेलवे लाइन के पास स्थित एक कैंप में 48 घंटे के भीतर तीसरी बार आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही टेंट पूरी तरह जलकर राख हो गया।

इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

माघ मेला के प्रमुख फायर ऑफिसर अनिमेष मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात 11:08 बजे गणपति और अन्नपूर्णा मार्ग के चौराहे पर, पुराने रेलवे पुल के पास कैंप में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां दो मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। कुल आठ फायर टेंडरों की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कैंप में जल रही अखंड ज्योति माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

वहीं, कैंप इंचार्ज योगेश मिश्रा ने भी बताया कि कैंप में अखंड ज्योति जल रही थी। उनका भतीजा उस समय टेंट में सो रहा था। आसपास के लोगों ने आग लगते देख उसे बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने माघ मेला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button