इंजीनियर-इन-चीफ भोपाल द्वारा जल प्रदाय एवं अमृत योजना कार्यों का किया गया औचक निरीक्षण

सिंगरौली, – नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र अंतर्गत संचालित जल प्रदाय व्यवस्था एवं अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों का आज इंजीनियर-इन-चीफ, भोपाल श्री आनंद सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट डब्ल्यूटीपी निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एसटीपी एवं पानी की टंकियों का अवलोकन किया गया।निरीक्षण के दौरान श्री सिंह के समक्ष ही जल की गुणवत्ता जांच (वाटर टेस्टिंग) कराई गई, जिसमें जल निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुरक्षित पाया गया। श्री सिंह द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के समस्त वार्डों में नियमित रूप से जल की गुणवत्ता जांच की जाए, ताकि किसी भी नागरिक को पेयजल के कारण स्वास्थ्यगत समस्या का सामना न करना पड़े।इसके अतिरिक्त श्री सिंह द्वारा सरई नगर परिषद एवं बरगवां नगर परिषद क्षेत्र में संचालित जल प्रदाय एवं स्वच्छता से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम सिंगरौली के कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













