एलआईसी ऑफिस आगकांड का सनसनीखेज खुलासा: हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या; सहकर्मी गिरफ्तार

मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित एलआईसी कार्यालय में दिसंबर 2025 में लगी आग को लेकर पुलिस जांच में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर जिसे हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। तमिलनाडु पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला अधिकारी की ही सहकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान 54 वर्षीय कल्याणी नंबी के रूप में हुई है, जो एलआईसी में अधिकारी पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के अनुसार, एलआईसी में असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर टी राम ने पेट्रोल डालकर कल्याणी नंबी को जिंदा जला दिया। हत्या के पीछे का मकसद अपने खिलाफ सामने आई गंभीर वित्तीय अनियमितताओं को छिपाना बताया जा रहा है।
डेथ क्लेम्स में अनियमितता बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि कल्याणी नंबी हाल ही में तिरुनेलवेली से मदुरै ट्रांसफर होकर आई थीं। पदभार संभालते ही उन्होंने डेथ क्लेम्स के निपटारे में गंभीर गड़बड़ियां पकड़ीं। जांच में पाया गया कि आरोपी टी राम के पास 40 से अधिक डेथ क्लेम्स लंबित थे। कल्याणी ने इन मामलों को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी थी, जिससे घबराकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई वारदात
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले से पेट्रोल की बोतलें तैयार कर रखी थीं। घटना के दिन उसने एलआईसी कार्यालय की बिजली सप्लाई काटी, मुख्य दरवाजे को बाहर से चेन लगाकर बंद किया और कल्याणी को उनके केबिन में फंसा दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए आरोपी ने एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की कहानी गढ़ी और खुद को भी आग लगाने की कोशिश की, ताकि शक न हो। हालांकि वह बच गया, जबकि कल्याणी नंबी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पूछताछ में कबूलनामा
शुरुआत में आरोपी के बयान विरोधाभासी पाए गए। सख्त पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि कल्याणी की जांच से उसकी नौकरी खतरे में पड़ गई थी। इसी डर से उसने न सिर्फ फाइलें जलाकर सबूत मिटाने की योजना बनाई, बल्कि उनकी हत्या भी कर दी।
आरोपी गिरफ्तार, अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु पुलिस ने आरोपी टी राम को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।













