आरजेडी में ऐतिहासिक बदलाव: तेजस्वी यादव बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राजनीति में शनिवार 25 जनवरी को एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। पटना के होटल मौर्या में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक में तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का फैसला लिया गया।
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पर एकमत से मुहर लगाई। लालू यादव के गिरते स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र को देखते हुए अब पार्टी की कमान औपचारिक रूप से तेजस्वी यादव के हाथों सौंप दी गई है।
नई जिम्मेदारी के साथ तेजस्वी यादव अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन से जुड़े सभी नीतिगत और रणनीतिक फैसले लेने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र और सक्षम होंगे। इस निर्णय को पार्टी के भविष्य और नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।













