मध्य प्रदेशसिंगरौली

रेलवे स्टेशन के पीछे झाड़ियों में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से गुरुवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी 29 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे उस समय सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक कपूर त्रिपाठी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। शव पीठ के बल पेट की ओर झुका हुआ मिला, जबकि सिर के बाल अधपके पाए गए हैं और पूरे शरीर की त्वचा सख्त हो चुकी है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत्यु कई दिन पूर्व हुई हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उक्त व्यक्ति को पूर्व में रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में घूमते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ या बेसहारा व्यक्ति हो सकता है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों में सूचना भेजकर तथा गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मोरवा थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button