मध्य प्रदेशसिंगरौली

नेशनल हाईवे-39 पर सड़क हादसा, बड़ा हादसा टला

फ्लाई ऐश से भरे बल्कर और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, यातायात रहा बाधित

सिंगरौली।जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवसर स्थित सरस्वती स्कूल के समीप फ्लाई ऐश से भरे एक बल्कर और डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा घुसा। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जियावान क्षेत्र व्यस्त मार्ग होने के कारण कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही जियावान थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और डिवाइडर में फंसे डंपर को बाहर निकलवाया। कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को सुचारू कराया गया, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली।पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी भी वाहन चालक द्वारा लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी रहती है।

Author

Related Articles

Back to top button