फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर फिर भड़का स्थानीय आक्रोश
निर्धारित रूट छोड़ हिर्रवाह रोड से गुजर रहे हाइवा, करोड़ों की सड़क हो रही क्षतिग्रस्त

सिंगरौली-एनटीपीसी विंध्याचल के बलियरी ऐश डैम से फ्लाई ऐश के परिवहन को लेकर एक बार फिर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोप है कि राख परिवहन में लगे ठेकेदार समय और डीजल बचाने के उद्देश्य से निर्धारित मार्ग को छोड़कर हिर्रवाह रोड से भारी वाहनों का आवागमन करा रहे हैं, जिससे नगर पालिक निगम द्वारा लगभग 1 करोड़ 04 लाख रुपये की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही है।
जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी बलियरी से फ्लाई ऐश परिवहन के लिए इंडस्ट्रियल एरिया → तीन नंबर गेट → सासन शिवपहड़ी → सासन कन्वेयर रोड का मार्ग निर्धारित है। इसके बावजूद ठेकेदारों द्वारा मनमानी करते हुए कम दूरी के चक्कर में हाइवा वाहनों को हिर्रवाह रोड से निकाला जा रहा है, जो कि मुख्यत: रहवासी क्षेत्र एवं नगर निगम के अधीन सड़क है।
लगातार ओवरलोडेड भारी वाहनों के चलने से पीसीसी सड़क पर गहरे गड्ढे, दरारें और सतह टूटने की स्थिति बन गई है। इससे सड़क की आयु भी तेजी से घट रही है। वहीं उड़ती राख के कारण आसपास के घरों, दुकानों और स्कूलों में धूल जमा हो रही है, जिससे सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं।
गौरतलब है कि सिंगरौली देश का प्रमुख ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र है, लेकिन फ्लाई ऐश परिवहन लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। बीते महीने बलियरी औद्योगिक क्षेत्र में राख से लदे हाइवा पलटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें बड़ा हादसा टल गया था। घनी आबादी वाले इलाकों से ऐसे वाहनों का गुजरना दुर्घटना और प्रदूषण का खतरा बढ़ा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने कलेक्टर का ध्यान आकर्षित कर मांग की है कि फ्लाई ऐश परिवहन केवल निर्धारित रूट से ही कराया जाए, हिर्रवाह रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का खर्च संबंधित कंपनी या ठेकेदार से वसूला जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।













